जबलपुर।
इस गांव की दीवारें खास हैं। शिक्षा का संस्कार देती हैं। ज्ञान बढ़ाती हैं। पढ़ने की ललक पैदा करती हैं। बघुवार गांव ऐसे ही पूर्ण साक्षर नहीं हो गया है। मध्यप्रदेश के नरसिंहपुर जिला स्थित इस गांव की दीवारों पर स्कूली किताबों के अंश हू-ब-हू लिखे हुए हैं। इतिहास, भूगोल, विज्ञान, सामान्य ज्ञान, गणित के सूत्र.. मानो स्कूल का पूरा पाठ्यक्रम ही दीवारों पर उतर आया है।
हो गए 25 सालः दीवारों को सफेद पेंट से पोत कर इन पर साफ-सुथरे अक्षरों में लिखे गए किताबों के ये मूल अंश बच्चों को आसानी से याद हो जाते हैं। धुंधला जाने पर दीवारों को फिर से पोत कर इन पर नए सिरे से लिखा जाता है। दीवारों पर सामान्य ज्ञान से जुड़ी बातें लिखने की शुरुआत आज से 25 साल पहले शुरू हुई।
ऐसे आया विचारः यहां सचिव रहे हरिकिशन तिवारी बताते हैं कि उस समय गांव में पांचवीं तक स्कूल था। बच्चों और युवकों को अतिरिक्ति ज्ञान मिले, इसलिए तत्कालीन सरपंच सुरेंद्र सिंह चैहान ने गांव के सुशिक्षित लोगों से कहा कि स्कूल की किताबों में लिखी ज्ञानवर्धक बातों को अपने घरों की बाहरी दीवारों पर लिखवाएं। इससे बच्चों की बौद्धिक क्षमता का विकास होगा। उनमें पढ़ाई को लेकर दिलचस्पी जागेगी। इसके बाद यह सिलसिला चल निकला। जो आज भी बदस्तूर जारी है। अब जब भी गांव के घरों की पुताई होती है तो उस पर नए तथ्य लिख दिए जाते हैं।
बड़ों को भी मिलता है ज्ञानः देश और प्रदेश में कितने जिले हैं, लोकसभा और राज्यसभा की सीटें कितनी हैं। अभायरण्य कितने हैं.. ऐसी सैकड़ों जानकारियां गांव के घरों की दीवारों पर लिखी हैं। यहीं नहीं एक पेड़ से जिंदगी भर मिलने वाला लाभ तो पानी बचाने के फायदे भी बताए गए हैं। विभिन्न विषयों पर जागरूकता विषयक बातें भी इनमें शामिल हैं, जो बच्चों के साथ ही बड़ों को भी सीख देती हैं।
रंग लाई सरपंच की बड़ी सोचः स्व. सुरेंद्र सिंह ने 1970 में 12वीं की परीक्षा पास की थी, वह भी अपने गांव से 25 किमी दूर नरसिंहपुर में आकर। उन्हें शिक्षा का महत्व तभी पता चल गया था। वर्तमान में उनके छोटे भाई नरेंद्र सिंह सरपंच हैं। 50 सदस्यों वाले सरपंच के खुद के घर में चार सदस्य इंजीनियर हैं और 10 सरकारी नौकरी में हैं। सुरेंद्र सिंह के बाद की पीढ़ी पोस्ट ग्रेजुएट है।
100 फीसद साक्षर है गांवः 2000 की आबादी वाला यह कृषि प्रधान गांव शिक्षा का महत्व बहुत ही पहले समझ चुका था। यहां प्राइमरी से लेकर हायर सेकंडरी तक का सरकारी स्कूल है। ये स्कूल न केवल प्राइवेट स्कूल की तरह साफ-सुथरा है बल्कि इसका रिजल्ट भी 100 फीसद होता है। इस बार भी 10वीं और 12वीं का रिजल्ट शतप्रतिशत रहा है।
गांव की दीवारों पर लिखे हैं किताबों के अंश
शतप्रतिशत साक्षर है मप्र के नरसिंहपुर जिले का बघुवार गांव
25 साल पहले हुई थी दीवारों को शिक्षा का साधन बनाने की यह शानदार पहल
मध्य प्रदेश के बधुवार गांव की दीवारों पर लिखे हैं स्कूली किताबों के अंश ’नई दुनियाशिक्षा का सुपरिणाम1
गांव की ये 5 खासियत, जो दूसरे को देती हैं सीख
- शिक्षाः साढ़े तीन साल की उम्र होते ही बच्चे को स्कूल भेजना अनिवार्य है।
- पर्यावरण संरक्षणः गांव की गलियों-सड़कों के किनारे पेड़-पौधे लगे हैं। हर पौधे को ट्री-गार्ड की मदद से सुरक्षित किया गया है।
- जल संरक्षणः गांव में तीन समृद्ध तालाब हैं। बारिश के बहाव को इन्हीं में मोड़ा गया है।
- सुव्यवस्थितः गांव में 20 साल पहले से ही ड्रेनेज सिस्टम और पानी की सप्लाई लाइन है। घरों में नल कनेक्शन है।
- स्वच्छताः 2008 में ही बघुवार निर्मल गांव घोषित हो चुका है। हर घर में पहले से ही पक्केटॉयलेट हैं।
लेखक प्रवीण कुमार सिंह
साभार जागरण
Comments (0)